दुद्धी को जिला बनाने की मांग पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, संघर्ष समिति ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार
सोनभद्र (दुद्धी)। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे कचहरी गेट पर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र घोषणा की मांग उठाई।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज कई दशकों से उठ रही है। समिति की ओर से अब तक 30 घंटे का आमरण अनशन, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन हो चुका है। उनका कहना है कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को पर्याप्त राजस्व भी प्राप्त होता है, फिर भी इसे अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।मोर्चा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई नेताओं एवं मंत्रियों ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। लोगों का कहना है कि अब सरकार को चुनावी वायदा पूरा कर दुद्धी को जिला बनाकर क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।
प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र श्रीवास्तव, रामपाल जौहरी, सत्यनारायण यादव, छोटेलाल गुप्ता, राकेश कुमार, अमरावती देवी, आशीष कुमार, कृष्णा कुमार, श्रीकांत सहित अधिवक्ता संघ और संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जुलूस और नारेबाजी से कचहरी परिसर पूरी तरह आंदोलनी माहौल में बदल गया।संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि दुद्धी को जिला बनाए जाने पर सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
