मोदीनगर में अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर
10 और 15 बीघा भूमि पर हो रहा था अवैध प्लॉटिंग का कार्य, कॉलोनी की सड़कें और ऑफिस किए गए ध्वस्त
मोदीनगर: उपाध्यक्ष महोदय के निर्देशों के तहत अवैध निर्माण और कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने सख्त कार्यवाही की। प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में ग्राम अबूपुर, काजमपुर और सीकरी कला में चल रही अवैध कॉलोनी निर्माण गतिविधियों को ध्वस्त किया गया।
तीन गाँवों में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
श्री मलकीत सिंह, ब्रजेश शर्मा और अरूण तोमर द्वारा ग्राम अबूपुर के खसरा संख्या 224 पर लगभग 10 बीघा भूमि में अवैध सड़कों और प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी प्रकार, ग्राम काजमपुर में श्री सतीश शर्मा, केशव शर्मा और श्रीमती बबीता द्वारा खसरा संख्या 99/1 पर 10 बीघा भूमि में और ग्राम सीकरी कला में अजय कुमार, ओमवीर शर्मा और अमित गुप्ता द्वारा खसरा संख्या 423 व 472 पर 15 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
प्रशासन ने की सख्त कार्यवाही
प्राधिकरण द्वारा मौके पर पहुंच कर इन सभी स्थानों पर बनी अवैध सड़कों, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया। कार्यवाही के दौरान कॉलोनाइज़र और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण बल की उपस्थिति में विरोध को नियंत्रित कर कार्यवाही सफलतापूर्वक पूरी की गई।
जनता को दी चेतावनी
प्रशासन ने मौके पर मौजूद लोगों को चेताया कि ऐसी अवैध कॉलोनियों में भूखंड क्रय करने पर होने वाली किसी भी प्रकार की आर्थिक हानि या धोखाधड़ी के लिए खरीदार स्वयं जिम्मेदार होगा।
प्रशासनिक टीम रही मौजूद
ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, समस्त सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल और प्राधिकरण पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। यह कार्यवाही एक कड़ा संदेश है कि अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
