रामपुर में 93 अवैध दुकानों पर चला प्रशासन का डंडा, अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

रामपुर, 17 जून 2025। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने मंगलवार को शहर के राधा रोड स्थित चीनी मिल एवं जिला कारागार की भूमि से हटाए गए 93 अवैध दुकानों के स्थान का निरीक्षण किया। यह भूमि पिछले लगभग 40 वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में थी, जिसे प्रशासन के सख्त निर्देशों के बाद दुकानदारों ने स्वयं खाली कर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खाली कराए गए क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर आकर्षक एवं छायादार पौधे लगाए जाएंगे।

टांडा में 24 अवैध दुकानों का ध्वस्तीकरण
तहसील टांडा में नगर पालिका द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज की भूमि पर बनी 24 दुकानों को ध्वस्त किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि दुकानों के कारण जाम और दुर्घटनाएं आम हो गई थीं, लेकिन अब राहत मिली है।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा इस भूमि की चारदीवारी कराकर उसे सुरक्षित कर दिया गया है।

टांडा-स्वार मार्ग पर 200 से अधिक दुकानों का अतिक्रमण स्वयं हटाया
स्वार तहसील क्षेत्र के नरपत नगर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के अंतर्गत लगभग 200 दुकानों और मकानों का अतिक्रमण स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वयं हटाया गया। यह पहल प्रशासन और जनता के सहयोग की मिसाल बनकर सामने आई है।

बिजारखाता मार्ग पर भी 46 अतिक्रमण हटाए
टांडा-स्वार मुख्य मार्ग के बिजारखाता खंड में लोक निर्माण विभाग की सीमा में आने वाली 46 दुकानों और मकानों को भी नागरिकों ने स्वेच्छा से हटा लिया। इससे न सिर्फ सड़क चौड़ी होगी बल्कि दुर्घटनाओं और जाम से भी राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि रामपुर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ, सुंदर नगर बनाने की दिशा में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें जनसहयोग की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.