अंधविश्वास के कारण सर्पदंश पीड़ित युवक की मौत, झाड़-फूंक में उलझे रहे परिजन

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

बभनी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के देवनाटोला बभनी गांव में अंधविश्वास की भेंट चढ़कर एक 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। सर्पदंश के बाद समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने पर उसकी जान बच सकती थी, लेकिन परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में इतने उलझे रहे कि देर रात उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक राम सिंह पुत्र रामधन गुरुवार शाम करीब चार बजे अपने खेत में धान का बोझ उठा रहे थे। इसी दौरान धान के बीच छिपे विषैले सर्प ने उन्हें काट लिया। उनकी चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को उन्होंने घटना की जानकारी दी। परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद उन्होंने युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय उसे झाड़-फूंक कराने में समय गंवा दिया।

कई घंटों की झाड़-फूंक के बावजूद जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो राम सिंह की देर रात मौत हो गई। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर बभनी पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक मक्खन लाल ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जागरूकता की कमी और अंधविश्वास के कारण आज भी कई लोग समय पर इलाज न मिलने से अपनी जान गंवा देते हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और तेज़ करने की आवश्यकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.