ऐलनाबाद, 15 फरवरी (एम पी भार्गव)। Ellenabad में महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह पांच बजे से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया, जो दिनभर लगातार जारी रहा। मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
शहर के नोहर रोड स्थित शिवपुरी (कल्याण भूमि) शिव मंदिर तथा हनुमानगढ़ रोड स्थित भूतेश्वर नाथ महादेव शिवालय में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मंदिरों में पुजारियों द्वारा श्रद्धालुओं से दूध, दही, गन्ने के रस, फल, फूल और बेलपत्र से भगवान शिव की पूजा-अर्चना करवाई गई। पूरे वातावरण में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर कई मंदिरों में शिवलिंग पर जल अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था और विश्वास के साथ जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिरों को विशेष रूप से रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिससे उनकी भव्यता और आकर्षण और भी बढ़ गया।
मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि वे वर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं और उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उनका मानना है कि इस दिन सच्चे मन से पूजा करने पर भगवान भोलेनाथ विशेष कृपा बरसाते हैं।
मंदिर के पुजारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस दिन गंगाजल, दूध, शहद, गन्ने का रस और बेलपत्र अर्पित करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों को मनवांछित फल प्रदान करते हैं।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा ऐलनाबाद शिवभक्ति में सराबोर नजर आया और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
khabre junction
