मिर्जापुर पुलिस की अनोखी पहल: चैन स्नैचिंग व चोरी के अभियुक्तों की तस्वीरें फ्लेक्स बोर्ड पर प्रदर्शित, जनता को किया जा रहा जागरूक
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर। जनपद मिर्जापुर के थाना कोतवाली शहर एवं थाना चिल्ह पुलिस द्वारा पिछले 15 वर्षों के दौरान चैन स्नैचिंग और चोरी के मामलों में शामिल अभियुक्तों का सत्यापन कर उनके फोटोग्राफ्स फ्लेक्सी बोर्ड पर लगाए गए हैं। ये बोर्ड शहर के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए हैं ताकि आम जनता इन अपराधियों की पहचान कर सके और उनसे सतर्क रह सके।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य न केवल जनता को जागरूक करना है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि ऐसे अपराधी दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम न दे सकें। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन अभियुक्तों के बारे में कोई जानकारी मिलती है या इन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल देखा जाता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस पहल से न केवल अपराधियों में भय का माहौल बनेगा बल्कि आमजन को भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा।
