कासगंज में चीनी से भरा ट्रक पोल से टकराया, घोड़ा तांगा को बचाने में हुआ हादसा, टला बड़ा खतरा

  • रिपोर्ट:हरिश्चंद्र ,कासगंज

कासगंज जिले के गोरहा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत गांव प्रहलादपुर में एनएच-530 बी पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चीनी से भरा एक ट्रक घोड़ा तांगा को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर दोनों सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP75M 9493 सादाबाद शुगर मिल से चीनी लेकर मैनपुरी जा रहा था। इसी दौरान प्रहलादपुर गांव के पास हाईवे चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके कारण दोनों तरफ के वाहन एक ही लेन से गुजर रहे हैं। इसी बीच सामने आए घोड़ा तांगा को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पोल से टकरा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे निर्माण कार्य के कारण अक्सर यातायात प्रभावित रहता है और बड़े वाहनों को निकलने में काफी परेशानी होती है। इस वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और समय रहते बड़ा नुकसान टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन से लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.