श्रीनगर के अनंतनाग में ड्यूटी के दौरान अमृतसर के जवान प्रगट सिंह की मौत, ऑक्सीजन की कमी बताई जा रही वजह
अमृतसर।जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर अंतर्गत अनंतनाग में सेना की ड्यूटी के दौरान अमृतसर के एक फौजी जवान की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान प्रगट सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले 15 वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे और बीते एक वर्ष से अनंतनाग में तैनात थे। परिजनों के अनुसार, जवान की मौत का कारण ऑक्सीजन की कमी और अत्यधिक ठंड बताया जा रहा है।
मृतक की पत्नी और भाई ने बताया कि प्रगट सिंह 19-11 बटालियन में तैनात थे और अपने 11 वर्षों से अधिक के सक्रिय सेवाकाल में कभी गंभीर रूप से बीमार नहीं पड़े। करीब डेढ़ माह पहले वे छुट्टी पर घर आए थे और परिवार के साथ समय बिताकर दोबारा ड्यूटी पर लौटे थे। परिजनों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले शाम को प्रगट सिंह से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि ऑक्सीजन की कमी महसूस होने के कारण वे अपनी पोस्ट से नीचे उतर रहे हैं। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका और फिर उनकी मौत की सूचना परिवार को दी गई।
परिवार को जानकारी दी गई है कि जवान का पार्थिव शरीर रात करीब 12 बजे तक अमृतसर स्थित उनके घर पहुंच जाएगा। इस दुखद खबर के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पति की असमय मौत से वे पूरी तरह टूट चुकी हैं और उनके दो मासूम बच्चे अब पिता के साए से वंचित हो गए हैं।
परिजनों का कहना है कि प्रगट सिंह एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे, जिन्होंने देश सेवा को हमेशा सर्वोपरि रखा। गांव और क्षेत्र में भी जवान की शहादत की खबर से शोक की लहर है। लोग परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और सरकार से पीड़ित परिवार को उचित सहायता एवं सम्मान देने की मांग कर रहे हैं।
khabre junction
