रामपुर थाना सिविल लाइन क्षेत्र में खाली प्लाट में मिली कटी हुई गाय, बजरंग दल का धरना, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
जय श्री राम के नारों के साथ आक्रोशित लोगों ने प्रशासन को दी चेतावनी, मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
रामपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कुष्ठ आश्रम के सामने पांवडिया इलाके में मंगलवार सुबह एक खाली पड़े प्लाट में कटी हुई गाय का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर धरने पर बैठ गए। मौके पर “जय श्री राम” के नारे गूंजते रहे और लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह इलाका पूरी तरह हिंदू बाहुल्य है, इसके बावजूद इस प्रकार की घटना होना चिंताजनक है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले गाय के पैर काटे गए, उसके बाद उसे गड्ढे में फेंककर बेरहमी से काटा गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उन्हें संदेह है। “हमसे कहा जा रहा है कि अफसर आए थे, पर कौन थे, क्या जांच हुई, कुछ स्पष्ट नहीं है। गाय है या कोई और जानवर, यह भी अभी तक पुलिस नहीं बता सकी है। इससे प्रतीत होता है कि कुछ कट्टरपंथी तत्वों द्वारा इलाके में साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की जा रही है,” ऐसा बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा।
बजरंग दल ने मांग की है कि घटना में शामिल कथित ‘जिहादियों’ को पुलिस सख्ती से पकड़कर वैसी ही सजा दे जैसी बर्बरता उन्होंने गाय के साथ की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जिस जगह घटना हुई, वहां पुलिस की मौजूदगी में यह सब हुआ, इसलिए शक सीधे पुलिस पर भी है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो जनपदभर से हिंदू संगठनों को जुटाकर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
