रिपोर्ट: शाहबाज़ खान | लोकेशन: बिलासपुर, रामपुर; उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर की तहसील बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर रुद्र-बिलास चीनी मिल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की एक अनियंत्रित बस ने पुलिस की सरकारी जीप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस जीप को करीब 50 मीटर तक घसीटती हुई ले गई, जिसके बाद जीप हाईवे किनारे खंती में पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीतलनगरी डिपो की रोडवेज बस ओवरटेक कर रही थी, तभी उसने पुलिस जीप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस जीप चालक जितेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
khabre junction
