बदायूं। (इंतजार हुसैन)राजमहल गार्डन में बदायूं ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं भारत विकास परिषद बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में बदायूं जनपद में विगत दिनों ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर हुई घटनाओं—जुगल किशोर, प्रहलादलाल ज्वेलर्स बदायूं, खितौरा में दिनदहाड़े सर्राफा लूट तथा गुलड़िया में हुई लूट—का सफल अनावरण कर लूट का संपूर्ण सामान बरामद करने के लिए एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यरत पुलिस टीम की सराहना की गई। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में एसपी सिटी, एसपी देहात, क्षेत्राधिकारी बदायूं, क्षेत्राधिकारी उझानी, क्षेत्राधिकारी बिल्सी, एसओजी टीम, सर्विलांस टीम, एसएचओ कोतवाली, एसएचओ सिविल लाइंस, आरआई पुलिस लाइन, महिला थाना एवं उनकी टीम, स्वाट टीम, महिला शक्ति मिशन की टीम तथा पीआरओ शामिल रहे।
सभा का संचालन भारत विकास परिषद के कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी आर. के. उपाध्याय तथा समाजसेवी रचना शंखधार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आर. के. उपाध्याय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का परिचय देते हुए कहा कि डॉ. बृजेश कुमार सिंह के कार्यकाल में बदायूं में हुई अधिकांश घटनाओं का 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया गया है, जो पूरी पुलिस टीम की सजगता और मेहनत का परिणाम है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस टीम आगे भी जनता के दुख-दर्द को अपना दर्द समझकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में अधिवक्ता दिवाकर वर्मा ने पुलिस टीम के सम्मान में सुंदर कविता और मुक्तक प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
अंत में सभा अध्यक्ष द्वारा पूरी पुलिस टीम, बदायूं ज्वेलर्स एसोसिएशन, भारत विकास परिषद तथा उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के आयोजन में हरि कृष्ण वर्मा एवं बालकृष्ण वर्मा (फर्म मै० श्यामलाल के नाती की दुकान ज्वेलर्स शोरूम, टिकटगंज बदायूं) का विशेष सहयोग रहा।
khabre junction
