लखीसराय (सरफराज आलम)। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने और उसकी सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लखीसराय संग्रहालय परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में टीबी उन्मूलन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा करना और जनभागीदारी को मजबूत बनाते हुए अभियान को अधिक प्रभावी बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (यक्ष्मा) श्री बी.के. त्रिपाठी, माननीय जनप्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।
विशिष्ट अतिथि श्री बी.के. त्रिपाठी ने टीबी मुक्त भारत अभियान के विभिन्न प्रमुख क्रियाकलापों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समुदाय आधारित पहल बेहद आवश्यक है। जन-जागरूकता, जोखिम वाले समूहों की समय पर पहचान, स्क्रीनिंग, जांच तथा समयबद्ध उपचार को अभियान का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया।
WHO के सलाहकार उमेश चंद्र त्रिपाठी ने जिले की आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की तथा ‘निश्चय पोर्टल’ पर समय से डेटा अपलोड करने की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि उच्च जोखिम वाले समूह — जैसे प्रवासी मजदूर, दिव्यांगजन, कुपोषित बच्चे, वृद्धजन तथा दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोग — की प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर शीघ्र जांच सुनिश्चित की जाए।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने टीबी मुक्त भारत अभियान को जिले की शीर्ष प्राथमिकताओं में एक बताते हुए कहा कि टीबी का उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है, लेकिन समय पर पहचान ही इसके नियंत्रण की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त है। उन्होंने बताया कि जिले में चिन्हित टीबी रोगियों को फूड बास्केट वितरित किए गए हैं, ताकि उपचार अवधि में पोषण की कमी न हो।
डीएम ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द टीबी रोगियों को पीएचसी, सीएचसी एवं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक ले जाने के लिए दो से तीन विशेष वाहनों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को जांच एवं उपचार कराने में सुविधा हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीबी उन्मूलन से जुड़ी गतिविधियों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा अभियान की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कार्यशाला का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा टीबी उन्मूलन का संकल्प लेते हुए किया गया। जिला प्रशासन ने टीबी मुक्त लखीसराय बनाने के लिए निरंतर और समर्पित प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क अधिकारी रवि कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पांडेय, जिला परिषद अध्यक्षा अंशु कुमारी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग, ICDS, शिक्षा विभाग, स्वयंसेवी संगठनों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की।
