लखीसराय(सरफराज आलम)सदर अस्पताल लखीसराय के सभागार में सोमवार को सिविल सर्जन सह सचिव जिला स्वास्थ्य समिति की अध्यक्षता में माता एवं शिशु सुरक्षा कार्ड (एमसीपी कार्ड) को लेकर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में एमसीपी कार्ड को गर्भवती महिला और शिशु स्वास्थ्य की “कुंजी” बताया गया।
सिविल सर्जन ने कहा कि एमसीपी कार्ड सुरक्षित गर्भावस्था, सुरक्षित प्रसव और बच्चे के स्वस्थ विकास में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं को कार्ड उपलब्ध कराने और इसे पूरी तरह भरने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी एवं जिला योजना समन्वयक ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को एमसीपी कार्ड की उपयोगिता की जानकारी दी। बताया गया कि इस कार्ड में गर्भावस्था पंजीकरण, एएनसी जांच, टीटी टीकाकरण, आयरन-फोलिक एसिड सेवन, उच्च जोखिम गर्भावस्था, सुरक्षित प्रसव, बच्चे के टीकाकरण, पोषण एवं विकास से जुड़ी सभी जानकारियां दर्ज होती हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सहायता मिलती है।
प्रशिक्षण में रामगढ़ चौक से डॉ. कंचन, पिपरिया से डॉ. संजय कुमार, सदर अस्पताल से डॉ. सुरेश कुणाल सहित सभी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक एवं प्रत्येक प्रखंड से एएनएम ने भाग लिया।
