गांव मिठनपुरा में बुधवार को जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन, एडीसी वीरेंद्र सहरावत ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं , पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण भी रहे उपस्थित

ऐलनाबाद, 29 जनवरी( एम पी भार्गव )। कोई भी विक्रेता किसान को खाद के साथ अन्य कोई उत्पाद देता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि किसानों को इस प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
ये निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने बुधवार को गांव मिठनपुरा में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के दौरान सम्बंधित अधिकारियों को दिए। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में 72 से अधिक समस्याएं व शिकायतें सुनी गई । अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी शिकायतों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना और समाधान के लिए मौके पर मौजूद सम्बंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इससे पहले अतिरिक्त उपायुक्त ने स्कूल में कबड्डी टीम के खिलाडिय़ों का परिचय लेते हुए खेल का शुभारंभ करवाया। ग्रामीणों की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त के गांव में पहुंचने पर स्वागत किया गया।
ग्रामीणों की ओर से गांव में ही खाद की उपलब्धता न होने व विक्रेताओं द्वारा खाद के साथ अन्य खरीदने की शिकायत रखी। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कृषि विभाग के अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो भी विक्रेता है जिन्होंने खाद के साथ अन्य सामान किसान को दिया है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा की परशाशन ऐसी समस्याओं को लेकर गंभीर है इसलिए आगे से ऐसी कोई शिकायत न आए, इसके पुख्ता प्रबंध किए जाए।
ढाणियों में बिजली की समस्या को लेकर आई शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि जिस भी नॉर्म के तहत ढाणियों में बिजली की उपलब्धता हो सकती है उस बारे ढाणी के लोगों को साथ लेकर इस बारे आगामी कार्यवाही की जाए।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में सरपंच अजय सोलंकी ने गांव में विकास कार्यों की मांग रखी, जिन पर अतिरिक्त उपायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा गांव के साथ लगते गांव किशनपुरा, खारी सुरेरा व ढाणी शेरावाली आदि के निवासियों ने भी जिला प्रशासन के समक्ष जन समस्याएं रखी, जिन पर अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
वही सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में पुलिस विभाग से संबंधित कोई शिकायत या समस्या न आना, इस बात का प्रमाण है कि गांव में आपसी भाईचारा व शांतिपूर्ण माहौल है। गांव में जितना भाईचारा होगा, वो गांव उतनी ही अधिक उन्नति व तरक्की करता है। इसका युवाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और वे सही दिशा में आगे बढ़ते है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को नशे के प्रति सजग रहना चाहिए। जो भी नशा पीड़ित है उसका इलाज करवाएं ताकि नशा को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति अग्रसर करें। नशा मुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है, इसलिए ग्रामीण नशे को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
स्टॉल लगा दी विभागीय योजनाओं की जानकारी
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बिजली निगम, क्रिड, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, जिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, बागवानी विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुष विभाग, वन विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि विभाग द्वारा किसानों को फसल विविधीकरण, कीटनाशकों के संतुलित प्रयोग, पराली प्रबंधन और अन्य कृषि तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया, जीएम रोडवेज अनीत कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता सांई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी, जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार, रेडक्रॉस सचिव लाल बहादुर बेनीवाल, डीडी पशुपालन डॉ सुखविंदर सिंह, बीडीपीओ कार्यालय से रोशन लाल सहित विभिन्न विभागों का अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.