रियाद। सऊदी अरब ने चार अलग-अलग स्थानों पर करीब 7.8 मिलियन औंस सोने की खोज की घोषणा की है। यह खोज देश की अर्थव्यवस्था को तेल पर निर्भरता से बाहर निकालने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सऊदी अरब लंबे समय से अपनी अर्थव्यवस्था को बहुआयामी बनाने के प्रयास में जुटा है और सोने के इन नए भंडारों से उसे बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह खोज सऊदी अरब की प्रमुख खनन कंपनी मादेन (Maaden) द्वारा किए गए एक व्यापक ड्रिलिंग अभियान के बाद सामने आई है। कंपनी ने 12 जनवरी को इसकी आधिकारिक जानकारी दी। मादेन के अनुसार, प्रारंभिक ड्रिलिंग में नौ मिलियन औंस से अधिक सोने की पहचान हुई थी, लेकिन मानक वार्षिक रिपोर्टिंग समायोजन के बाद सोने के संसाधनों में 7.8 मिलियन औंस की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
कंपनी के बयान के मुताबिक, ये चार प्रमुख सोने के भंडार वादी अल जव, मंसूराह, उरुक और उम अस्सलाम क्षेत्रों में पाए गए हैं। अनुमान के अनुसार वादी अल जव में लगभग 38 लाख औंस, मंसूराह में करीब 30 लाख औंस, जबकि उरुक और उम अस्सलाम क्षेत्रों में संयुक्त रूप से लगभग 16.7 लाख औंस सोने के भंडार मौजूद हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन नए सोने के भंडारों की खोज से सऊदी अरब के खनन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, यह खोज देश के ‘विजन 2030’ के तहत आर्थिक विविधीकरण की रणनीति को भी मजबूती प्रदान करेगी।
khabre junction
