ऐलनाबाद में गंगा मैया मंदिर स्थापना दिवस पर निकली भव्य शोभा एवं कलश यात्रा

ऐलनाबाद, 17 फरवरी (एम.पी. भार्गव)। शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित रेगर मोहल्ला में गंगा मैया के मंदिर की स्थापना के उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। मूर्ति स्थापना से पूर्व निकाली गई इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश एवं शोभा यात्रा गंगा मैया मंदिर से प्रारंभ होकर बाल्मीकि चौक, टिब्बी चौक, चौधरी देवीलाल चौक, ममेरा चौक और पंचमुखी चौक होते हुए सिरसा रोड स्थित हरचंद का बास से वापस मंदिर प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह लोगों ने छतों से पुष्प वर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा कई स्थानों पर प्रसाद वितरण के लिए स्टॉल लगाए गए। हजारों की संख्या में महिलाएं सिर पर पवित्र कलश धारण किए चल रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु हाथों में ध्वजाएं लेकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। शोभायात्रा में भगवान हनुमान, भगवान शिव-पार्वती तथा गंगा मैया सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं।

श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते नजर आए और रंग-गुलाल उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया। मंदिर के पुजारी ने बताया कि 19 फरवरी को गंगा मैया की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से की जाएगी।

गौरतलब है कि ऐलनाबाद शहर में यह पहला गंगा मैया का मंदिर है, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और श्रद्धापूर्वक शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.