मोदीनगर में संस्कृति उत्सव 2025–26 का भव्य आयोजन, लोक प्रतिभाओं को मिला मंच

मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “संस्कृति उत्सव 2025–26” कार्यक्रम का आयोजन डॉ. के. एन. मोदी साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज, मोदीनगर में किया गया। इस सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र की कला एवं संस्कृति से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भव्य उत्सव उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में छिपी हुई संगीत, गायन, वादन एवं नृत्य की प्रतिभाओं की खोज करने, उन्हें उपयुक्त मंच प्रदान करने तथा प्रदेश की समृद्ध लोक-संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने कहा कि “हमारी संस्कृति – हमारी पहचान” की भावना को साकार करता यह उत्सव न केवल युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से लोक कला, लोक संगीत और पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों को नई ऊर्जा और पहचान मिलती है।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, तहसीलदार रजत कुमार, प्रधानाचार्य सतीश चंद्र, अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.