बदायूं में कन्या जन्मोत्सव आयोजित, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने दी बधाई

बदायूं।शासन के निर्देशानुसार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन महिला चिकित्सालय में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग बदायूं द्वारा नवजात बालिकाओं के जन्म पर हर्षोल्लास के साथ कन्या जन्मोत्सव मनाया गया।

इस अवसर पर बालिकाओं की माताओं को हिमालया बेबी किट एवं महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं का कैलेंडर देकर सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने माताओं को कन्या जन्म की बधाई देते हुए कहा कि समाज में बालक और बालिका के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने बेटियों को शिक्षित करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी और पात्र परिवारों को योजना के तहत आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत सुरक्षित बचपन अभियान के तहत संयुक्त निगरानी समिति द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण भी किया गया, जहां माताओं के साथ रह रहे बच्चों की जानकारी ली गई। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि बच्चों को विभागीय योजनाओं से आच्छादित किया जाए।

इसके अतिरिक्त महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन, राजकीय दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि टोल फ्री नंबर अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त कॉलों का समयबद्ध फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए तथा राजकीय दत्तक ग्रहण अभिकरण के सुचारु संचालन हेतु निदेशालय को मांग पत्र प्रेषित किया जाए, जिससे समस्याओं का समाधान हो सके।

कार्यक्रम में सीओ सिटी रंजनीश उपाध्याय, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा अग्रवाल, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह, क्वालिटी मैनेजर अरविंद कुमार, स्टाफ नर्स रिचा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.