जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर किसान कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सीएमओ से मिला, सुविधाएं सुधारने की मांग

रामपुर। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हाजी नाजिश खां के नेतृत्व में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी दीपा सिंह से मुलाकात कर जिला अस्पताल की जमीनी हकीकत और वहां मौजूद अव्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अस्पताल में आने वाले हजारों मरीजों को हो रही समस्याओं को सामने रखते हुए मूलभूत सुविधाओं को तत्काल बेहतर बनाने की मांग की गई।

वार्ता के दौरान हाजी नाजिश खां ने कहा कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में आज भी कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने पूरे अस्पताल परिसर में केंद्रीकृत अग्निशामक पाइपलाइन लगाए जाने, मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए अलग एवं सुव्यवस्थित कार्यालय स्थापित करने, डिजिटल एक्स-रे की प्रिंटिंग सुविधा उपलब्ध कराने, साफ-सुथरे और नियमित रूप से साफ किए जाने वाले शौचालयों की व्यवस्था तथा बिजली संकट से निपटने के लिए सोलर पैनल लगाए जाने जैसे अहम सुझाव रखे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी दीपा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी बिंदु बेहद जरूरी हैं और अस्पताल प्रशासन इन्हें गंभीरता से लेते हुए चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।

इस अवसर पर हाजी नाजिश खां ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसान कांग्रेस केवल राजनीति तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर कार्यालय तक संघर्ष करने वाला मंच है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और आम मरीज की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। जब तक जिला अस्पताल में आम जनता को सम्मानजनक और सुरक्षित इलाज नहीं मिलेगा, तब तक संगठन अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों पर किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और आने वाले समय में अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर प्रशासन से जवाबदेही तय की जाएगी।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.