आगामी महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों को लेकर डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक

लखीसराय(सरफराज आलम)डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में आगामी महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोक धाम), लखीसराय के मंदिर प्रांगण में किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं समुचित योजना तैयार करना था।
डीएम मिथिलेश मिश्र द्वारा बैठक के दौरान मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से महाशिवरात्रि पर्व हेतु विचार-विमर्श किया गया।

डीएम ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोक धाम मंदिर में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना हेतु पहुँचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संग्रहालय बालगुदर के समीप तथा बी.एड. कॉलेज मोड़ के पास वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

बीएड कॉलेज मोड़ पार्किंग स्थल से मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं को सुगमता से पहुँचाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। जो श्रद्धालु पैदल चलने में असमर्थ हैं, उनके लिए जिला प्रशासन की ओर से टोटो एवं फोर व्हीलर वाहनों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे सुरक्षित एवं आरामदायक रूप से मंदिर परिसर तक पहुँच सकें।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा के मद्देनज़र मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल टीम की तैनाती की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने हेतु प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयाँ एवं एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निर्देश दिया गया कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आयोजकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यपालक पदाधिकारी,नगर परिषद लखीसराय को मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों एवं शिव बारात मार्ग पर आकर्षक तिरंगा लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में वाटर टैंकर लगाए जाएंगे, जिससे किसी भी प्रकार की जलापूर्ति संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरागत रूप से शिव बारात का आयोजन किया जाता है, शिव बारात अशोक धाम मंदिर से प्रारंभ होकर NH-80 होते हुए बालगुदर, विद्यापीठ, थाना चौक, स्टेशन रोड, पचना रोड बाईपास पुल, बी.एड. कॉलेज मार्ग से गुजरते हुए पुनः अशोक धाम मंदिर में आकर संपन्न होती है। शिव बारात के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं यातायात को सुचारू रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

डीएम मिथिलेश मिश्र ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा,भक्ति एवं सौहार्द के वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करने हेतु सभी आवश्यक एहतियाती कदम समय रहते सुनिश्चित किए जाएँ।इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, सचिव इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर डॉ. कुमार अमित, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार,जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, पुलिस उपाध्यक्ष यातायात सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.