लखीसराय की विरासत सहेजने को बनेगी किताब
ज्ञान भारतम् परियोजना पर डीएम ने जनप्रतिनिधियों संग की बैठक, पंचायतवार होगा दस्तावेजीकरण
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में ‘ज्ञान भारतम् परियोजना’ को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें रामगढ़ चौक, हलसी, पिपरिया और बड़हिया प्रखंड के मुखिया, जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव व बीडीओ शामिल हुए।
बैठक दो सत्रों में हुई। डीएम ने कहा कि जिले की पंचायतों में फैली ऐतिहासिक धरोहरों, पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों, प्राचीन अभिलेखों, मंदिर-मस्जिद, ठाकुरबाड़ी, शिवालय, तालाब व धर्मशालाओं का पंचायतवार सर्वे कराया जाएगा। इनका फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण कर संकलन तैयार किया जाएगा और बाद में पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिले की पहचान सुरक्षित रह सके।
जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्राचीन शिवलिंग, दुर्गा मंदिर, काली मंदिर, पंचमुखी मंदिर, देवरिया स्थान, सत्संडा पहाड़ आदि स्थलों की जानकारी दी। कई जगहों पर पुराने ताम्रपत्र व हस्तलिखित अभिलेख होने की बात भी सामने आई। डीएम ने सभी से प्रमाणिक जानकारी जल्द उपलब्ध कराने को कहा, ताकि समयबद्ध कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
बैठक में केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों से योजना का प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लाभुकों को जोड़ने की अपील की गई।
इसके अलावा हर पंचायत में खेल क्लब गठन, खेल मैदान की उपलब्धता और युवाओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया, जनप्रतिनिधि, रविराज पटेल समेत अन्य मौजूद रहे।
