Ganja Smuggling: गाजियाबाद में गांजा तस्करी करते दो सगे भाई गिरफ्तार, 9 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
Ghaziabad Ganja Smuggling: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत भोजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 6 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डासना चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पकड़े गए दोनों भाई
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को भोजपुर थाना क्षेत्र के डासना चौराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9 किलो 6 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हापुड़ जिले के हैदरनगर निवासी दिनेश उर्फ दुनेश और पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं।
दिल्ली से गांजा लाकर हापुड़ और बुलंदशहर में करते थे सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से चोरी-छिपे गांजा खरीदकर लाते थे। इसके बाद गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर हापुड़ और बुलंदशहर क्षेत्र में राह चलते लोगों को बेचते थे।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नशा तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
चोरी, डकैती और रंगदारी समेत कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों भाइयों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

[…] […]