Punjab Businessmen: पंजाब में व्यापारियों में डर का माहौल, फिरौती और खराब कानून-व्यवस्था से उद्योगों का पलायन: सुनील सिंघी

Punjab Businessmen: राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक माहौल को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में व्यापारी भय और फिरौती की धमकियों के बीच कारोबार करने को मजबूर हैं। खराब कानून-व्यवस्था के चलते प्रदेश से उद्योगों का पलायन हो रहा है और निवेशक भी पंजाब में पैसा लगाने से कतरा रहे हैं।

अमृतसर के नेहरू कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘व्यापारी स्नेह मिलन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनील सिंघी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को समझने के लिए वह लगातार पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान सामने आया है कि व्यापारियों को खुलेआम फिरौती और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे प्रदेश का कारोबारी माहौल प्रभावित हो रहा है।

Mock Drill: पंजाब में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, अमृतसर समेत कई जिलों में परखी गई आपातकालीन तैयारियां, लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील

खराब कानून-व्यवस्था से पंजाब में निवेश करने से डर रहे NRI

सुनील सिंघी ने कहा कि विदेशों में रहने वाले पंजाबी समुदाय के लोग अपने प्रदेश के विकास में सहयोग देने के लिए तैयार हैं। वे सामाजिक और विकास कार्यों के लिए दान देने को इच्छुक हैं, लेकिन सुरक्षा की गारंटी नहीं होने के कारण पंजाब में निवेश करने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की आर्थिक तरक्की के लिए सुरक्षित माहौल और मजबूत कानून-व्यवस्था जरूरी है।

punjab-businessmen-fear-extortion-sunil-singhi

2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प

पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए सिंघी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक युवा के परिवार से मुलाकात की थी। नशामुक्त समाज के लिए संघर्ष कर रहे परिवार के इकलौते बेटे की हत्या से वह बेहद दुखी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के संकल्प के अनुरूप वर्ष 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।

punjab-businessmen-fear-extortion-sunil-singhi

देश की अर्थव्यवस्था में व्यापारी निभाते हैं अहम भूमिका

व्यापारियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन ने कहा कि जिस तरह देश की सीमाओं पर सेना के जवान सुरक्षा करते हैं, उसी तरह व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने राजा टोडरमल और दानवीर भामाशाह के आदर्शों का उल्लेख करते हुए व्यापारियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

12 लाख रुपये तक जीरो टैक्स और 40 हजार कंप्लायंस खत्म करने का दावा

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सुनील सिंघी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापारियों के कल्याण, सुरक्षा और कारोबार को आसान बनाने के लिए राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कर नीतियों से मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों को राहत मिली है।

उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आय पर जीरो टैक्स, जीएसटी रिफॉर्म-2 और आत्मनिर्भर भारत अभियान का जिक्र किया। साथ ही दावा किया कि व्यापार से जुड़े 40 हजार से अधिक अनावश्यक कानूनों और कंप्लायंस को समाप्त कर कारोबार को सरल बनाने की दिशा में काम किया गया है।

पंजाब में डबल इंजन सरकार बनने का जताया भरोसा

नेहरू कॉम्प्लेक्स में आयोजित व्यापारी स्नेह मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी रही। सिंघी ने दावा किया कि व्यापारियों में केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर उत्साह है और लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन किया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता आगामी चुनावों में राज्य की मौजूदा परिस्थितियों का जवाब देगी। उनके मुताबिक, पंजाब में एनडीए की डबल इंजन सरकार बनने से विकास और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.