Bisleri: पानी में कैंसर वाला केमिकल? FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी, कंपनी ने कहा – पानी सुरक्षित है

Bisleri Water Controversy: देश में सबसे ज्यादा भरोसा किए जाने वाले बोतलबंद पानी के ब्रांड बिसलेरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल जांच में असुरक्षित पाया गया है।

FSSAI ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए बताया कि उसने बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से ‘पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर’ (मिनरल वाटर के अलावा) का एक सैंपल जांच के लिए लिया था।

DM Pawan Kumar Gangwar: मीरजापुर में विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम सख्त, जननी सुरक्षा योजना का भुगतान लंबित मिलने पर कार्रवाई के निर्देश

Bisleri Water: पहली जांच में क्या मिला?

जब इस सैंपल की लैब में जांच की गई, तो चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। पहली जांच में पानी के सैंपल में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा निर्धारित मानकों से ज्यादा पाई गई, जिसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 के तहत असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

ब्रोमेट की तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है, जबकि शुरुआती जांच में यह 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई थी।

Bisleri Water: दूसरी जांच में PAHs मिला

पहली रिपोर्ट आने के बाद बिसलेरी कंपनी ने इसके खिलाफ अपील की थी। इसके बाद सैंपल को आगे की जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में भी पानी फेल हो गया और सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) जैसे खतरनाक केमिकल पाए गए।

Bisleri Water: क्या ये केमिकल सच में खतरनाक हैं?

दुनिया की बड़ी स्वास्थ्य और पर्यावरण एजेंसियां, जैसे इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) और यूएस ईपीए (US EPA), ब्रोमेट को इंसानों में कैंसर पैदा करने वाले संभावित तत्व की कैटेगरी में रखती हैं। वहीं PAHs समूह के रसायन बेंजोपाइरीन को भी कैंसर पैदा करने वाला माना गया है।

लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि एक बोतल पीने से कैंसर नहीं होता। लंबे समय तक तय सीमा से ज्यादा मात्रा में इन केमिकल का सेवन करने पर खतरा बढ़ता है।

Bisleri Water: बिसलेरी ने क्या सफाई दी?

इस मामले पर बिसलेरी की सफाई भी सामने आई है। बिसलेरी ने बयान जारी कर कहा है कि उसका पानी पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। कंपनी के मुताबिक, ‘ये मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा प्लांट के एक बैच से जुड़ा है। शुरुआती जांच में छह में से पांच सैंपल सही पाए गए थे, जबकि छठे में ब्रोमेट तय सीमा से थोड़ा ज्यादा था।’

कंपनी ने बताया कि रेफरल लैब में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन PAHs का जिक्र आया। कंपनी ने स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट फरवरी 2026 में FSSAI को सौंपी थी और कोई नया नोटिस न मिलने से मामला बंद मान रही थी।

कंपनी ने कहा, ‘पीने के पानी की सेफ्टी बिसलेरी के लिए प्रायोरिटी है। हम कड़े क्वालिटी कंट्रोल रखते हैं और सही रेगुलेटरी प्रोसेस के जरिए इस मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ कोऑपरेट करते रहेंगे।’

Bisleri Water: क्या पूरे देश में बिसलेरी पर रोक लग गई?

नहीं। FSSAI ने अभी देशव्यापी रिकॉल का आदेश नहीं दिया है। FSSAI ने ये भी साफ किया है कि उसने बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के लिए लिए गए सैंपल पर एक्शन लिया है, मिनरल वाटर पर नहीं।

Bisleri Water: क्या मुकदमा मंजूरी का मतलब दोषी साबित होना है?

बिल्कुल नहीं। मुकदमा चलाने की मंजूरी का मतलब अंतिम दोषसिद्धि नहीं है, बल्कि ये आगे की न्यायालयीन प्रक्रिया की पहली सीढ़ी है। अब कोर्ट में सुनवाई होगी, उसके बाद ही फैसला आएगा।

Bisleri Water: और किन कंपनियों पर गाज गिरी?

बिसलेरी के अलावा FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।

  • मंजय वर्मा की कलम से…✍️

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.