Stubble Management: रामपुर में किसानों को पराली न जलाने की सलाह, सीडीओ गुलाब चन्द्र बोले- इससे घटती है खेतों की उर्वरा शक्ति
Stubble Management In Rampur: खेतों में धान की पराली और गन्ने की पताई जलाने से न केवल वायु प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। पराली जलाने से भूमि में मौजूद मित्र कीट और फसलों के लिए जरूरी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। ऐसे में किसान फसल अवशेषों को जलाने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से उनका प्रबंधन करें। यह अपील मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने पनवड़िया स्थित सांस्कृतिक सद्भावना मंडप में आयोजित जनपद स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन कार्यशाला में की।
Stubble Management: पराली जलाने के बजाय खेत में खाद बनाने की दी सलाह
मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजीड्यू योजना के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों, गन्ना पर्यवेक्षकों और कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई।
सीडीओ ने कहा कि पिछले वर्षों में जनपद में पराली जलाने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें संबंधित किसानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि पराली को जलाने के बजाय खेत में ही सड़ाकर जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करें।
उन्होंने बताया कि पराली को गोशालाओं में पशुओं के चारे के लिए दान किया जा सकता है। इसके अलावा बेलर संचालकों की मदद से पराली के बंडल बनवाकर गत्ता फैक्ट्रियों को कच्चे माल के रूप में उपलब्ध कराया जा सकता है।

Stubble Management: एक टन पराली जलाने से नष्ट होते हैं जरूरी पोषक तत्व
कार्यशाला में उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने पराली जलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक टन धान की पराली जलाने से लगभग 5.5 किलोग्राम नाइट्रोजन, 2.3 किलोग्राम फास्फोरस, 25 किलोग्राम पोटाश, 1.2 किलोग्राम गंधक और 400 किलोग्राम जैविक कार्बन नष्ट हो जाता है।
इसके साथ ही कार्बन डाईऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, मीथेन और सल्फर डाईऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसें निकलती हैं। ये गैसें वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।
Stubble Management: सुपर सीडर और हैप्पी सीडर से करें फसल अवशेषों का प्रबंधन
उप कृषि निदेशक ने किसानों को पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीके बताते हुए कहा कि फसल अवशेषों को मशीनों की सहायता से खेत में मिलाकर 15 से 20 किलोग्राम यूरिया प्रति हेक्टेयर का छिड़काव और सिंचाई करने से उन्हें सड़ाकर उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद में बदला जा सकता है।
उन्होंने सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, पैडी स्ट्रा चॉपर, जीरो ड्रिल, रोटावेटर और एमबी प्लाऊ जैसे कृषि यंत्रों के इस्तेमाल की सलाह दी। इन यंत्रों से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन किया जा सकता है। इससे मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है और खेतों की उर्वरा शक्ति बनी रहती है।
Stubble Management: गोशालाओं में दान कर सकते हैं पराली, विभाग उठाएगा परिवहन खर्च
कार्यशाला में किसानों को पराली के वैकल्पिक उपयोग के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि किसान अपने खेत की पराली नजदीकी गोशालाओं में दान कर सकते हैं। गोशाला तक पराली पहुंचाने का खर्च विभाग द्वारा वहन किया जा सकता है।
इसके अलावा बेलर संचालकों की मदद से किसान अपने खेत से पराली निःशुल्क उठवा सकते हैं। इससे पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के साथ किसानों को फसल अवशेषों के बेहतर उपयोग का अवसर मिलेगा।
Stubble Management: पराली जलाने पर 30 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुसार फसल अवशेष जलाना दंडनीय है। निर्धारित प्रावधानों के तहत दो एकड़ से कम भूमि पर पराली जलाने पर पांच हजार रुपये, दो से पांच एकड़ तक दस हजार रुपये और पांच एकड़ से अधिक भूमि पर 30 हजार रुपये तक पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वसूल किए जाने का प्रावधान बताया गया।
बार-बार पराली जलाने की घटनाओं पर अर्थदंड लगाने के साथ सरकारी अनुदान एवं अन्य सुविधाओं से वंचित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
Stubble Management: 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना करने की भी अपील
कार्यशाला के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने उपस्थित लोगों से 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के तहत मोबाइल ऐप के माध्यम से परिवार से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी स्वयं दर्ज की जा सकेगी।
इसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे। उन्होंने लोगों से जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
Stubble Management: कार्यशाला में ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपायुक्त एनआरएलएम अमित कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा, भूमि संरक्षण अधिकारी हर्षित कुमार चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थूलाल गंगवार, ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, गन्ना पर्यवेक्षक तथा कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक, बीटीएम और एटीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
