Sukhdeep Singh Chhina: राजासांसी में AAP को झटका, 13 साल पुराने नेता सुखदीप सिंह छीना ने दिया इस्तीफा; सोनिया मान पर लगाए गंभीर आरोप
Sukhdeep Singh Chhina Resignation Amritsar: पंजाब की राजासांसी विधानसभा सीट की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) को झटका लगा है। पार्टी से करीब 13 वर्षों से जुड़े वरिष्ठ नेता सुखदीप सिंह छीना ने प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने हलका इंचार्ज सोनिया मान पर लगातार अनदेखी करने और भरे दफ्तर में अपमानित करने का आरोप लगाया है। सुखदीप सिंह छीना का कहना है कि राजनीति में पद से ज्यादा आत्मसम्मान मायने रखता है और इसी वजह से उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला किया।
सुखदीप सिंह छीना पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर और राजासांसी हलके में नशा मुक्ति मोर्चा के कोऑर्डिनेटर के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। एक विशेष बातचीत में उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे की परिस्थितियों और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर खुलकर बात की।
Sukhdeep Singh Chhina: 13 साल तक AAP के लिए किया काम, दो महीने से अनदेखी का आरोप
सुखदीप सिंह छीना ने बताया कि वह पिछले 13 वर्षों से आम आदमी पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। नशा मुक्ति मोर्चा के कोऑर्डिनेटर के तौर पर उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया और सरकार की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।

उनका आरोप है कि पिछले करीब दो महीनों से हलका इंचार्ज सोनिया मान उन्हें लगातार नजरअंदाज कर रही थीं। पार्टी की गतिविधियों में भी उन्हें पीछे रखा जा रहा था। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक संगठन के लिए काम करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और जिम्मेदारी नहीं मिल रही थी।
Sukhdeep Singh Chhina: सोनिया मान पर भरे दफ्तर में अपमानित करने का आरोप
सुखदीप सिंह छीना ने बातचीत के दौरान दावा किया कि उनका और सोनिया मान का रिश्ता भाई-बहन जैसा था। वह उनसे राखी भी बंधवाते थे, लेकिन एक घटना ने उनके रिश्ते और राजनीतिक सफर को प्रभावित कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया मान ने भरे दफ्तर में उनसे कहा था कि वह पार्टी छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में चले जाएं, क्योंकि उन्हें उनकी जरूरत नहीं है। छीना के मुताबिक, इस टिप्पणी से उन्हें गहरा आघात पहुंचा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि पार्टी से उन्हें बाहर करवाने के लिए वरिष्ठ स्तर पर फोन किए जा रहे थे। इसके बाद उन्होंने खुद ही इस्तीफा देकर अलग होने का फैसला किया। उनका कहना है कि वह किसी तरह की अंदरूनी खींचतान का हिस्सा बनने के बजाय खुलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहते थे।
Sukhdeep Singh Chhina: पुराने मतभेद भुलाकर गुरशरण सिंह छीना के साथ आए
अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर सुखदीप सिंह छीना ने बताया कि करीब दस दिन पहले उन्होंने अपने गांव के वरिष्ठ नेता सरदार गुरशरण सिंह छीना के साथ हाथ मिला लिया है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले दोनों नेताओं के बीच मतभेद सामने आए थे और इसको लेकर वीडियो भी वायरल हुए थे।
इस मामले पर सफाई देते हुए सुखदीप सिंह ने कहा कि उनके और गुरशरण सिंह छीना के बीच गलतफहमी पैदा हो गई थी। कुछ लोगों की गलत जानकारी और गुमराह करने के कारण दोनों के बीच दूरियां बढ़ी थीं। हालांकि, अब दोनों ने बैठकर आपसी गिले-शिकवे दूर कर लिए हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों एक ही गांव और साझा रिश्तेदारियों से जुड़े हैं। गुरशरण सिंह छीना ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि नशे के खिलाफ उनकी लड़ाई में वह पूरी मजबूती से साथ खड़े रहेंगे। इसी विश्वास के चलते उन्होंने फिर से एकजुट होकर आगे बढ़ने का फैसला किया है।
Sukhdeep Singh Chhina: सोनिया मान के लिए दरवाजे खुले, लेकिन राजनीतिक साथ से इनकार
यह पूछे जाने पर कि यदि सोनिया मान उन्हें मनाने के लिए घर आती हैं तो क्या वह दोबारा उनके साथ काम करेंगे, सुखदीप सिंह छीना ने कहा कि एक बहन के रूप में उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं, लेकिन राजनीतिक रूप से अब वह स्वतंत्र तौर पर सोनिया मान का साथ नहीं दे सकते।
उन्होंने सोनिया मान को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं, लेकिन स्पष्ट किया कि अब उनका पूरा छीना ग्रुप एकजुट है। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सरदार गुरशरण सिंह छीना जो भी सामूहिक फैसला लेंगे, वह उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।
Sukhdeep Singh Chhina: फिलहाल दूसरी पार्टी में जाने की योजना नहीं
सुखदीप सिंह छीना ने फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि अभी वह अपने परिवार और लंबे समय से लंबित निजी कार्यों पर ध्यान देना चाहते हैं।
उन्होंने साफ किया कि आने वाले समय में राजनीतिक दिशा को लेकर पूरा छीना ग्रुप मिलकर फैसला करेगा। फिलहाल उनकी प्राथमिकता आपसी एकजुटता बनाए रखना और अपने सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाना है।

[…] […]