Jandiala Firing: अमृतसर के जंडियाला में खूनी संघर्ष, 100 से 150 हथियारबंद हमलावरों ने घर को घेरा; युवक को मारी गोली
Amritsar Jandiala Firing: पंजाब के अमृतसर जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े हिंसक संघर्ष का मामला सामने आया है। जंडियाला थाना क्षेत्र के गांव अकाल गढ़ ढपइयां (मेहता रोड) में दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हथियारबंद लोगों ने एक घर को घेरकर फायरिंग और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों की संख्या 100 से 150 बताई है। इस घटना में संदीप सिंह नामक युवक की टांग में गोली लगी है। वहीं, कई अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घायल संदीप सिंह को तत्काल उपचार के लिए गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
Jandiala Firing: पुरानी रंजिश में घर पर हमला करने का आरोप
पीड़ित परिवार के सदस्य विशाल सिंह के मुताबिक, उनके परिवार की गांव में करीब 50 से 70 किल्ले कृषि भूमि ठेके पर है। कुछ समय पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष ने कथित तौर पर बड़ी संख्या में युवकों को इकट्ठा कर हमला किया।

विशाल सिंह ने आरोप लगाया कि मनिंदर, गुरमुख, तरनतारन क्षेत्र के कुकी और आकाश समेत कई लोगों ने 100 से 150 अज्ञात युवकों के साथ मिलकर उनके घर को चारों तरफ से घेर लिया।
Jandiala Firing: पिस्तौल, 12 बोर और तेजधार हथियारों से हमला
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों के पास 18 से 20 पिस्तौल, 12 बोर की बंदूकें, दातर और किरपान जैसे हथियार थे। आरोप है कि घर को घेरने के बाद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान 30 बोर की पिस्तौल से चली गोली संदीप सिंह की टांग में लगी। इसके अलावा 12 बोर के छर्रे चलने और तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की भी बात कही गई है। पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना में करीब छह से सात लोग चोटिल हुए हैं। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Jandiala Firing: अस्पताल पहुंची पुलिस टीम, घायलों से जुटाई जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह अपनी टीम और गांव के पंचायत सदस्यों के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल युवक की स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित पक्ष से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
Jandiala Firing: पीड़ितों के बयान के आधार पर दर्ज होगी FIR
पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह ने पत्रकारों को बताया कि घटना दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। गांव अकाल गढ़ ढपइयां में दो गुटों के बीच विवाद और फायरिंग की सूचना मिली है। इसमें संदीप सिंह की टांग में गोली लगने और तेजधार हथियार से चोट आने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर रही है। बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से कारतूस के खोल मिलने, फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों और चली गोलियों की संख्या की जांच की जा रही है।
हरपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

[…] Jandiala Firing: अमृतसर के जंडियाला में खूनी संघ… […]