Faisal Lala: कांग्रेस नेता पहले अपने दामन में झाँकें, बीजेपी की बी-पार्टी कौन है – फ़ैसल लाला
Faisal Lala Attack On The Congress: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी-पार्टी बताए जाने वाले बयान पर आम आदमी पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने राजनीतिक इतिहास और कमजोरियों का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस अपने चार बड़े नेताओं के नाम बताए, जो भाजपा से लड़ते हुए जेल गए हों।
फैसल लाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी-पार्टी बताना हास्यास्पद है। कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भाजपा की सरकारें बनवाने में कांग्रेस की भूमिका किसी से छिपी नहीं है।
Faisal Lala: कांग्रेस के विधायकों के भाजपा में शामिल होने का उठाया मुद्दा
फैसल लाला ने कहा कि वर्ष 2016 में उत्तराखंड में कांग्रेस के नौ विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए, जिससे भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ। इसी वर्ष अरुणाचल प्रदेश में भी कांग्रेस के अधिकांश विधायक भाजपा में शामिल हो गए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में गोवा में कांग्रेस के 13 विधायक भाजपा में शामिल हुए। इसके बाद 2019 में कर्नाटक और 2020 में मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस के विधायकों ने पार्टी छोड़कर भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की। गोवा में वर्ष 2022 में भी कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हुए।
फैसल लाला ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास बताता है कि उसके विधायक लगातार भाजपा में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।
Faisal Lala: कांग्रेस की चुनावी हार पर भी साधा निशाना
आप प्रवक्ता ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में 54 साल, सिक्किम में 47 साल, त्रिपुरा में 38 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल और गुजरात में 31 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है।
उन्होंने कहा कि कई अन्य राज्यों में भी कांग्रेस लगातार चुनावी हार का सामना कर रही है। कांग्रेस को दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपनी राजनीतिक कमजोरियों और नेतृत्व की विफलताओं का मूल्यांकन करना चाहिए।
Faisal Lala: केजरीवाल, सिसोदिया और संजय सिंह की गिरफ्तारी का किया जिक्र
फैसल लाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और पार्टी के अन्य नेताओं ने भाजपा की सत्ता एवं नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया है और जेल तक गए हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि वह अपने चार बड़े नेताओं के नाम बताए, जो भाजपा के खिलाफ संघर्ष करते हुए जेल गए हों।
फैसल लाला ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई केवल बयान देने से नहीं लड़ी जाती, बल्कि इसके लिए साहस, संघर्ष और सिद्धांतों पर डटे रहने की जरूरत होती है। देश की जनता सब देख रही है कि भाजपा को राजनीतिक फायदा पहुंचाने का काम कौन कर रहा है। कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी कमियों को स्वीकार कर आत्ममंथन करना चाहिए।

[…] Faisal Lala: कांग्रेस नेता पहले अपने दामन में … […]