UP Board Exam 2027: यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए जिले में 80 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित, 46,848 परीक्षार्थी होंगे शामिल

सभी एसडीएम को परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कल तक आपत्तियां देने के निर्देश

Rampur UP Board Exam 2027: रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के निर्धारण एवं प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के संबंध में बैठक संपन्न हुई।

बैठक में बताया गया कि जनपद रामपुर में वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 80 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल के 25,832 तथा इंटरमीडिएट के 21,016 सहित कुल 46,848 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों में 35 राजकीय, 12 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 33 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।

Food Department Raid: रामपुर में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 350 लीटर दूषित दूध नष्ट; मिठाई समेत पांच नमूने लिए

प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों में 24 नवीन केंद्र शामिल हैं। इनमें 13 राजकीय तथा 11 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। नवीन केंद्रों में कोई भी अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल नहीं है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्र में आवंटित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर लें। विशेष रूप से नवीन बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध संसाधनों, परीक्षार्थियों को बैठाने की क्षमता तथा परीक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करें।

निरीक्षण के दौरान प्राप्त आपत्तियों एवं अपनी संस्तुतियों को कल तक जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की शुचिता, गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा नकल की दुष्प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से सॉफ्टवेयर द्वारा परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में विद्यालयों की उपलब्ध सुविधाओं, परीक्षार्थियों की संख्या, धारण क्षमता तथा प्राप्त आपत्तियों को ध्यान में रखा जाएगा।

UP Board Exam 2027: तहसीलवार प्रस्तावित परीक्षा केंद्र

तहसील सदर में 22, मिलक में 14, शाहबाद में 14, बिलासपुर में 9, स्वार में 9 तथा टांडा में 12 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें सदर तहसील में 12 राजकीय, 1 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 9 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। मिलक में 2 राजकीय, 4 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 8 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय, शाहबाद में 7 राजकीय, 2 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 5 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रस्तावित हैं।

इसी प्रकार बिलासपुर में 6 राजकीय, 1 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 2 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय, स्वार में 4 राजकीय, 3 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 2 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय तथा टांडा में 4 राजकीय, 1 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 7 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय परीक्षा केंद्र के रूप में प्रस्तावित हैं।

UP Board Exam 2027: 63 आपत्तियां प्राप्त, दूरी और क्षमता से जुड़े मामले

प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में कुल 63 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें 27 आपत्तियां परीक्षार्थियों को अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने के संबंध में हैं। इसके अतिरिक्त 3 आपत्ति निर्धारित धारण क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन, 16 आपत्तियां परीक्षा केंद्र बनाए जाने के संबंध में, 16 आपत्तियां परीक्षा केंद्र न बनाए जाने तथा 1 अन्य विषयों से संबंधित प्राप्त हुई हैं। तहसीलवार प्राप्त आपत्तियों में सदर से 18, मिलक से 16, शाहबाद से 10, टांडा से 08, बिलासपुर से 7 तथा स्वार से 4 आपत्तियां शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए परीक्षा केंद्रों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए, जिससे परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.