Food Department Raid: रामपुर में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 350 लीटर दूषित दूध नष्ट; मिठाई समेत पांच नमूने लिए
Rampur Food Department Raid: दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर मिठाई और दूध समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। वहीं, शाहबाद क्षेत्र में करीब 350 लीटर दूषित मिश्रित दूध नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए दूध की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने तहसील सदर के बगड़खां स्थित कृष्णा फैन्सी स्वीट्स पर छापेमारी की। यहां से बूंदी के लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा शहजादनगर स्थित उस्मान अली स्वीट्स शॉप से रंगीन पेठा और खोया के नमूने जांच के लिए लिए गए।
Food Department Raid: शाहबाद में 350 लीटर दूषित दूध कराया नष्ट
खाद्य विभाग की टीम ने शाहबाद क्षेत्र में भी कार्रवाई की। जयतौली रोड स्थित अम्बेडकर पार्क के पीछे आलिम और अकबर के यहां से मिश्रित दूध के दो नमूने लिए गए। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शहाबुद्दीन दोस्त ने नायब तहसीलदार और पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 350 लीटर दूषित मिश्रित दूध नियमानुसार नष्ट कराया।
Food Department Raid: जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग की ओर से अभियान के दौरान लिए गए सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट की प्रकृति के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Food Department Raid: दीपावली तक जारी रहेगा मिलावट के खिलाफ अभियान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिठाई विक्रेताओं और खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अत्यधिक रंगों से तैयार मिठाइयों की बिक्री न करें और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक मिलावट के खिलाफ विशेष छापामार अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और अन्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।

[…] […]