Mela Kakoda 2026: मेला ककोड़ा 2026 की तैयारियां तेज, 23 नवंबर को होगा उद्घाटन; 24 को कार्तिक पूर्णिमा स्नान

17 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा मेला, सुरक्षा के लिए CCTV, घुड़सवार पुलिस और PAC की होगी तैनाती

Mela Kakoda 2026: रोहिलखंड क्षेत्र के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले का शुभारंभ करने के लिए ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी मेला स्थल तक ले जाई जाएगी। 17 नवंबर को झंडी पूजन होगा, जबकि 23 नवंबर को मेले का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। मेले का मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा स्नान 24 नवंबर को होगा। मेला 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

मेले को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) गामिनी सिंगला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं।

Ayodhya Deepotsav 2026: सीएम योगी ने 2017 से पहले के दौर को लेकर साधा निशाना, रामनगरी के विकास का किया जिक्र

Mela Kakoda 2026: मेले तक जाने वाले मार्गों की होगी मरम्मत

सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि मेला स्थल तक जाने वाले रास्तों पर यदि गड्ढे हैं या सड़क क्षतिग्रस्त है, तो प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराई जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवागमन के रास्तों को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।

Mela Kakoda 2026: CCTV कैमरों से होगी निगरानी, घुड़सवार पुलिस और PAC भी तैनात

मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस विभाग और जिला पंचायत के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह तय करना होगा कि पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए कितने CCTV कैमरों की आवश्यकता होगी। कैमरों की निगरानी के लिए अस्थायी कोतवाली में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

पिछले वर्षों की तरह घुड़सवार पुलिस, PAC बल, तैराकी पुलिस और मोटरबोट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वॉच टावर बनाए जाएंगे और आग से बचाव के लिए पर्याप्त अग्निशमन संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

Mela Kakoda 2026: प्लास्टिक और पॉलीथिन पर प्रतिबंध, 525 अस्थायी हैंडपंप लगेंगे

मेले में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्लास्टिक के डिस्पोजेबल गिलास, दोना-पत्तल और पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई व्यवस्था के साथ वाटर टैंक, मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी। शौचालयों की नियमित निगरानी भी कराई जाएगी, ताकि गंदगी न फैले।

श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 525 अस्थायी हैंडपंप लगाने के साथ पेयजल टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मेला क्षेत्र में धूल कम करने के लिए टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया जाएगा।

Mela Kakoda 2026: अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था

सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग को मेले में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित करने के निर्देश दिए। यहां पर्याप्त संख्या में चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, दवाएं, उपकरण और बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।

मेले में पर्याप्त रोशनी के लिए जनरेटर, LED बल्ब, फोकस लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाई जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दूध और दही की बिक्री हेतु स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

Mela Kakoda 2026: रोडवेज बसों के साथ निजी बसों की भी रहेगी व्यवस्था

श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रोडवेज बसों के अलावा निजी बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में सीडीओ ने रोडवेज के एआरएम के स्वयं उपस्थित न होने और प्रतिनिधि भेजे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने एआरएम की लाइव लोकेशन प्राप्त कर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की स्वयं उपस्थिति जरूरी है।

Mela Kakoda 2026: पशु चिकित्सा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी नजर

मेले में पशुओं के उपचार के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पर्याप्त दवाओं और स्टाफ के साथ अस्थायी पशु चिकित्सालय स्थापित करेंगे। वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Mela Kakoda 2026: सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कबड्डी, कुश्ती और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं

श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कला, जादू और कठपुतली के आयोजन किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विकास प्रदर्शनी और LED वैन की व्यवस्था भी की जाएगी।

खेल गतिविधियों के लिए अस्थायी स्टेडियम बनाया जाएगा, जहां जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल और दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। संचार व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए BSNL, Airtel और Jio सहित दूरसंचार कंपनियों के अस्थायी मोबाइल टावर भी लगाए जाएंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.