ऐलनाबाद रामलीला मैदान में शेड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा, विधायक पुत्र सुमित बेनीवाल का स्वागत
Ellenabad News-Ramlila Committee: (डॉ. एमपी भार्गव, विशेष संवाददाता, ऐलनाबाद) ऐलनाबाद के कांग्रेस विधायक चौधरी भरत सिंह बेनीवाल के पुत्र सुमित बेनीवाल ने श्री रामलीला कमेटी के मैदान में शेड निर्माण के लिए विधायक कोटे से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और कलाकारों ने उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगरवासियों ने सुमित बेनीवाल का हार्दिक स्वागत किया।
हनुमान जी की आरती में शामिल हुए सुमित बेनीवाल
श्री रामलीला कमेटी ऐलनाबाद के मंच पर आयोजित कार्यक्रम में सुमित बेनीवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने महाबली वीर बजरंगबली की आरती में विधिवत भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पटका भेंट कर उनका सम्मान किया।

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की जगी उम्मीद
श्री रामलीला कमेटी की ओर से मैदान में शेड निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस मांग को पूरा करने की दिशा में सुमित बेनीवाल ने विधायक कोटे से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कमेटी को आश्वस्त किया कि शेड का निर्माण सुंदर ढंग से कराया जाएगा और इसके लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
रामलीला कमेटी ने जताया आभार
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के प्रधान सज्जन गोयल, वरिष्ठ उपप्रधान रवि लड्डा, सचिव राजेश वर्मा, समाजसेवी बबलू शेखावत, स्टेज अध्यक्ष अशोक जसरासरिया, कला मंच के प्रधान सुखराम वर्मा, अंजनी लड्डा, मीनू शर्मा, डायरेक्टर त्रिलोक जोशी, महावीर पारीक, विनोद विक्टर, रमन जसरासरिया, महेंद्र पत्रकार, विजय व्यास, राधा कृष्ण पटीर, ओपी पारीक, बीएम नागर, संजय शर्मा, होशियारी लाल शर्मा, मुकेश ग्रोवर, प्रवीण फुटेला, सुभाष चौहान और टिकम शर्मा सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं कलाकार मौजूद रहे। सभी ने शेड निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा पर सुमित बेनीवाल और विधायक चौधरी भरत सिंह बेनीवाल का आभार व्यक्त किया।
