Rampur Child Helpline: बरेली के लापता 10 वर्षीय बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन ने परिजनों से मिलाया
Rampur Child Helpline: थाना मिलक क्षेत्र में लावारिस अवस्था में मिले बरेली के 10 वर्षीय बालक पंकज को चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर की टीम ने उसके परिजनों से मिला दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता और लगातार प्रयासों के बाद बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका।
जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर को बालक के मिलने की सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या ने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम बालक को अपने कार्यालय लेकर पहुंची, जहां उसकी काउंसिलिंग की गई।
लगातार प्रयास और काउंसिलिंग के बाद बालक ने अपना नाम, पिता का नाम और अपने गांव की जानकारी बताई। बालक ने अपना पता ग्राम धौरेरा माफी, थाना मुड़िया अहमदनगर, जनपद बरेली बताया।
इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से बालक के परिजनों से संपर्क किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद बालक पंकज की सुपुर्दगी उसकी माता आरती को कर दी गई। बच्चे के सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
