Amritsar viral video: युवक की निहंगों ने की पिटाई, नशा बेचने का आरोप; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Amritsar viral video: अमृतसर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में 3 निहंग सिंह एक युवक के दोनों हाथ पकड़कर उसे अपने बीच खड़ा किए हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक निहंग सिंह युवक की डंडे से पिटाई करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा निहंग उसे थप्पड़ मार रहा है।

बता दे कि यह वीडियो दशमेश तरना दल के निहंग बाबा गुरदीप सिंह के सोशल मीडिया पेज से अपलोड किया गया है। वीडियो को लेकर निहंग बाबा गुरदीप सिंह का कहना है कि जिस युवक की पिटाई की गई, उसके नशा बेचने की सूचना उन्हें और उनके उनके साथी निहंगों को मिली थी। उनके मुताबिक, अमृतसर के एक गांव में रहने वाले किसी व्यक्ति ने उन्हें गुप्त रूप से इस संबंध में जानकारी दी थी। इसके बाद निहंगों की ओर से युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई।

निहंग बाबा गुरदीप सिंह ने बताया कि यह वीडियो अमृतसर के किसी गांव का है। हालांकि, जब उनसे गांव का नाम पूछा गया तो उन्होंने यह जानकारी बताने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि लोग उन्हें गुप्त रूप से कई मामलों की जानकारी देते हैं। ऐसे में सूचना देने वाले लोगों की पहचान और उनसे जुड़ी कुछ जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। इसी वजह से वह यह नहीं बता सकते कि अमृतसर में यह वीडियो किस गांव का है।

फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान और उसके खिलाफ लगाए गए नशा बेचने के आरोपों की पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

जानिए वीडियो में क्या दिख रहा…

20 सेकंड के वीडियो में दो निहंग एक युवक की दोनों बाहें पकड़कर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक निहंग युवक को डंडे से मारता नजर आता है। पहले डंडे से युवक को पीटा जाता है, जिसके बाद उसके हाथ पकड़े खड़े दोनों निहंग भी युवक को थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं।

मीडिया से बातचीत में निहंग गुरदीप सिंह ने बताया कि दशमेश तरना दल की ओर से मौजूदा मुखी बाबा मेजर सिंह सोढ़ी की अगुवाई में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव जाकर सिख संगत और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वीडियो और अन्य माध्यमों के जरिए भी लोगों को समझाया जा रहा है कि नशे की लत से बाहर निकलकर सामान्य जीवन जिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जो लोग नशे की गिरफ्त से खुद बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, उनकी मदद के लिए उनके पास आकर उन्हें समझाया जाता है और दोबारा सामान्य जीवन में लौटने के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि नशे की बीमारी का अंत मौत है।

उन्होंने नशा बेचने और नशा करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि सुधर जाएं, नहीं तो उन्हें अपने तरीके से सुधारने का काम किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.