Rampur Congress SP meeting: रामपुर में कांग्रेस-सपा की बैठक, संयुक्त समन्वय कमेटी बनाने पर बनी सहमति
Rampur Congress SP meeting: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी रामपुर के जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’ के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने रामपुर के सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी से मुलाकात की। बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, लोकतांत्रिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों तथा आगामी संयुक्त कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के बाद कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। दोनों दलों के बीच बेहतर समन्वय के लिए संयुक्त समन्वय कमेटी गठित करने पर सहमति बनी। यह कमेटी आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर भी लोकतांत्रिक तरीके से संयुक्त मार्च, प्रदर्शन एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा हुई।
प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’ ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय के साथ जनहित और लोकतांत्रिक मुद्दों को उठाया जाएगा। वहीं मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि लोकतांत्रिक मुद्दों पर विपक्षी दलों के बीच संवाद और समन्वय आवश्यक है तथा दोनों दल स्थानीय स्तर पर मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे।
बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाकर अली खान, महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी शकील मंसूरी, जिला महासचिव कपिल चौधरी, नगर उपाध्यक्ष शारीब अली खान, जिला सोशल मीडिया अध्यक्ष नोमान मुमताज खान, मंडल अध्यक्ष मोहम्मद जकी, महासचिव मोहम्मद रफी, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश लोधी, गुड्डू लोधी, शिशुपाल लोधी, जिला सचिव नासिर अली सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को आपसी सहमति एवं समन्वय के साथ संचालित करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाने पर सहमति बनी।
