Women and Child Welfare Schemes: विद्यालयों में तीन दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
Women and Child Welfare Schemes: महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक मीरजापुर जिले के समस्त विकासखंडों के विद्यालयों में तीन दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अनिल कुमार सोनकर के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों एवं विभागीय टीमों द्वारा विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन, महिला सशक्तिकरण हब सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को POSH एक्ट, पाक्सो एक्ट, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वीमेन हेल्पलाइन 1090 और महिला हेल्पलाइन 181 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
अभियान का प्रमुख उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और अधिक से अधिक पात्र लोगों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है। विभाग की ओर से विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
