नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश, कचरा प्रबंधन को लेकर किया जागरूक
• बस स्टैंड पर कार्यशाला में गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण और सुरक्षित निस्तारण की दी जानकारी
- रिपोर्ट: रघुराज सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के तहत स्वच्छता और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के महत्व, कचरे के उचित प्रबंधन तथा गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई। संवादात्मक प्रस्तुति के जरिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

बीजपुर बस स्टैंड पर “सुरक्षित अपशिष्ट प्रबंधन” विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्थानीय समुदाय को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, सुरक्षित तरीके से कचरा संभालने और उचित निस्तारण की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल एवं सतत कचरा प्रबंधन पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। एनटीपीसी रिहंद द्वारा 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
