Haryana Seva Setu Camp:ऐलनाबाद के सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की दी जानकारी
हरियाणा में जन कल्याण के कार्य शुरू, कैंपों के माध्यम से जन सहयोग
Haryana Seva Setu Camp ( एम पी भार्गव ): हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्थानीय खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में मंगलवार को सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के अमीरचंद मेहता थे।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निताशा राकेश सिहाग, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष भगवान सिंह बाजवा, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष रवि लढा, भूराराम डूडी, सह जिला मीडिया प्रभारी सुभाष चौहान, मंडल अध्यक्ष शमिंदर कंबोज, पूर्व मंडल अध्यक्ष जसवीर चहल, मंडल महामंत्री ब्रह्मानंद शर्मा व दीपक मेहता, सह जिला आईटी प्रभारी टिकम चोटिया, पूर्व मंडल महामंत्री दिनेश गोदारा, जिला पार्षद प्रतिनिधि रामकुमार गोदारा, भंवरलाल सिकरिया व विजय शर्मा सहित अन्य कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

शिविर में पहुंचने पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी स्टालिन सचदेवा व उनके स्टाफ सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने बीडीपीओ कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई गई और मौके पर फार्म भी भरवाए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अमीरचंद मेहता ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा काल के सफलता पूर्वक 25 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया गया है।
इस अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के सेवा कार्य किया जा रहे हैं ताकि आम जनता को लाभ हो सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनकल्याण और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर सरकार की सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
सरकार का संकल्प है कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसी भावना के साथ प्रदेश में कार्य कर रहे हैं। सेवा सेतु शिविरों में एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी मिलने से आमजन को काफी सुविधा होती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे ऐसे शिविरों में पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
