Crop damage due to rain in Rampur: भारी बारिश में बर्बाद हो गईं किसानों की फसलें, सर्वे में जुटा प्रशासन
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने राजस्व अधिकारियों के साथ गांवों में भ्रमण कर पानी में डूबी फसलों का लिया जायजा
- शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा; संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ, मिलेगा मुआवजा
Crop damage due to rain in Rampur: अत्यधिक बारिश के कारण बर्बाद हुई किसानों की फसलों के बाद अब जिला प्रशासन नुकसान के आंकलन में जुट गया है। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने भी राजस्व अधिकारियों के साथ गांवों का भ्रमण किया और किसानों की पानी में डूबी फसलें देख भावुक हो गए। बोले किसानों की छह माह की मेहनत पर पानी फिर गया। भरोसा जताया कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के भी निर्देश दिए।
26 एवं 27 सिंतबर को रामपुर में जोरदार बारिश हुई। लगातार हुई मूसलाधार बारिश से पूरा रामपुर पानी-पानी हो गया। इस बारिश का सबसे अधिक प्रभाव रामपुर के किसानों पर पड़ा है। खेत पानी से लबालब हैं। धान, उड़द, पशुओं के चारे की फसलें जलमग्न हैं। जिससे किसानों का व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है। सोमवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने नायब तहसीलदार विश्वास दीक्षित एवं क्षेत्रीय लेखपाल अनुभव वशिष्ट व अन्य लेखपालों के साथ ग्राम लदौरा व आसपास के गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने खेतों पर पहुंचकर किसानों से उनका दर्द जाना। किसानों ने बताया कि बारिश के पानी से उनकी फसलें बर्बाद होने की वजह से उनकी आर्थिक स्थिति बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगी।

कैसे बेटियों की शाादियां होंगी और कैसे जीविका चलेगी। विधायक ने किसानों का दर्द सुनकर भरोसा दिया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों ने करीब छह माह तक मेहनत कर फसल तैयार की थी, लेकिन कुछ ही घंटों की तेज बारिश ने उनकी मेहनत को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश से जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उनके नुकसान का निष्पक्ष तरीके से सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वे से छूटने न पाए। खेत-खेत जाकर नुकसान का आकलन करने और वास्तविक स्थिति को रिपोर्ट में दर्ज करने पर विशेष जोर दिया।
उपजिलाधिकारी सदर रत्निका श्रीवास्तव ने बताया कि तहसील सदर क्षेत्र में अब तक 62 गांवों की रिपोर्ट आ चुकी है। शेष गांवों की भी रिपोर्ट शाम तक आ जाएगी, जिसके बाद प्रभावित किसानों को सरकार की मंशा के अनुरूप मुआवजा दिलाया जाएगा।
