Artificial Insemination Training Rampur: रामपुर में पशुधन कर्मियों को कृत्रिम गर्भाधान का प्रशिक्षण, बछिया के जन्म को बढ़ावा देने की पहल
Artificial Insemination Training Rampur: निराश्रित गोवंश की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग ने गायों में बछिया के जन्म को बढ़ावा देने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में 26 सितंबर को पशुधन विकास परिषद, लखनऊ की ओर से मुरादाबाद के विकास भवन सभागार में वर्गीकृत वीर्य से कृत्रिम गर्भाधान और उसके रखरखाव को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रामपुर के पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अजीत सिंह, डॉ. साक्षी सिंह और पशुधन प्रसार अधिकारी हरिओम कुमार सहित नाजिम अली, शिवराज राणा, रामबहादुर, मोअस्सर अली, रेनू आर्या, अजय कुमार, सुनील कुमार और नितिन कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्मिक अब पशुचिकित्सालयों के माध्यम से इस तकनीक का इस्तेमाल करेंगे और पशुपालकों को वर्गीकृत वीर्य से कृत्रिम गर्भाधान के लिए प्रेरित करेंगे। विभाग का उद्देश्य नर बछड़ों की संख्या को कम करना और भविष्य में निराश्रित गोवंश की समस्या को नियंत्रित करने में मदद करना है।
पशुपालकों को वर्गीकृत सीमेन के इस्तेमाल की सलाह
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी अश्विनी कुमार ने पशुपालकों से अपील की है कि गायों में गर्भाधान के लिए पशुचिकित्सालयों के माध्यम से वर्गीकृत सीमेन का ही प्रयोग कराया जाए। विभाग का मानना है कि इस तकनीक के अधिक इस्तेमाल से बछिया के जन्म को बढ़ावा देने के साथ पशुपालन व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
