Rampur Animal Health Camps: गांव-गांव पहुंच रही पशु चिकित्सा टीम, टीकाकरण के साथ इलाज भी
सेवा संकल्प अभियान में पांच मोबाइल वेटरनरी यूनिट और 14 पशु चिकित्सालय सक्रिय
Rampur Animal Health Camps: सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुपालन विभाग की ओर से जिले के गांवों में पशु चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं। पांच मोबाइल वेटरनरी यूनिट और 14 पशु चिकित्सालयों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों को चिकित्सा, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और बधियाकरण की सुविधा दे रही हैं। साथ ही पशुपालकों को पशुपालन से जुड़ी नवीन जानकारी भी दी जा रही है।
मोबाइल वेटरनरी यूनिट की ओर से प्रतिदिन दो गांवों में शिविर लगाए जा रहे हैं। सुबह नौ से दोपहर 12 बजे और शाम दो से छह बजे तक चलने वाले शिविरों में पशुओं की जांच कर आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पशुपालकों को जरूरत के अनुसार दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है।

लम्पी और खुरपका-मुंहपका से बचाव पर विभाग गम्भीर
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.अश्वनी कुमार ने बताया कि अभियान के तहत पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज और खुरपका-मुंहपका से बचाने के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। एफएमडी टीकाकरण अभियान 30 सितंबर और एलएसडी टीकाकरण अभियान 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान यदि कोई पशु टीकाकरण से छूट जाता है तो संबंधित पशु चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा ऐसे पशुओं का भी टीकाकरण सुनिश्चित किया जायेगा। गांव में टीम पहुंचने पर अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। बीमार पशुओं को समय से उपचार दिलाएं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के दौरान पशुओं का विवरण, आधार और मोबाइल नंबर से लिंक किया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से पंजीकरण के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करने को कहा।
