Ellenabad: पशु स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता शिविर, डॉ. संदीप ने बताया- टीकाकरण और वैज्ञानिक देखभाल जरूरी
Animal Health Camp: ऐलनाबाद के लक्कड़ावाली में पशु स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। डॉ. संदीप कम्बोज ने पशुओं के नियमित टीकाकरण और वैज्ञानिक देखभाल को जरूरी बताया।
Animal Health Camp Ellenabad: (रिपोर्ट- एमपी भार्गव) सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को गांव लक्कड़ावाली स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में पशु स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पशुपालकों और किसानों को पशुओं के स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, रखरखाव और संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
राजकीय पशु चिकित्सालय लक्कड़ावाली के पशु चिकित्सक डॉ. संदीप कम्बोज ने कहा कि पशुओं को स्वस्थ रखने और संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों से विभाग द्वारा निर्धारित समय के अनुसार खुरपका-मुंहपका (एफएमडी), गलघोटू, लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) और ब्रूसेलोसिस सहित अन्य संक्रामक रोगों से बचाव के लिए टीकाकरण कराने की अपील की।
संतुलित आहार और स्वच्छ वातावरण भी जरूरी
डॉ. संदीप ने कहा कि केवल टीकाकरण ही नहीं, बल्कि पशुओं को संतुलित आहार, पर्याप्त स्वच्छ पानी और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है। वैज्ञानिक तरीके से पशुओं की देखभाल करने से उनकी सेहत बेहतर रहती है और पशुपालकों को आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।
किसानों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
शिविर के दौरान किसानों और पशुपालकों को हरियाणा तथा केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि पशुधन का बेहतर प्रबंधन कर आमदनी बढ़ाई जा सके। शिविर के आयोजन में वीएलडीए अमनदीप तथा पशु परिचर जगदेव कुमार, सुनील कुमार और संदीप ने सहयोग किया।
