Bank Based Self Employment Schemes: बैंक आधारित स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कराएं: मंडलायुक्त
Bank Based Self Employment Schemes: विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने बैंक आधारित स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बैंकर्स उद्यमियों को ऋण आवेदन फॉर्म सही तरीके से भरने में भी सहयोग करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।
मंडलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय सभागार से मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका संतोषजनक समाधान कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने तीनों जिलों के लीड बैंक प्रबंधकों को अपने स्तर से बैंकों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बैंक आधारित स्वरोजगार योजनाओं में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। यदि किसी आवेदन को बैंक स्तर से निरस्त किया जाता है तो आवेदक को कारण की जानकारी देने के साथ संयुक्त निदेशक उद्योग को भी अवगत कराया जाए।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों को लेकर नाराजगी
मंडलायुक्त ने निवेश मित्र पोर्टल की भी समीक्षा की। विभागीय स्तर पर समय सीमा के बाद लंबित तीन श्रम विभाग के आवेदनों पर उन्होंने नाराजगी जताई और सहायक श्रमायुक्त सोनभद्र को तत्काल उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बीएस रोड लोहरा नहर से वियर निर्माण इकाई तक मार्ग के चौड़ीकरण की भी समीक्षा हुई। अधिशासी अभियंता सोनभद्र ने बताया कि करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है और इसे निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा।
पूर्वांचल व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश साहू ने भरूहना चौकी से सटी भूमि पर बने पार्क का रखरखाव उद्यान विभाग को हस्तांतरित करने तथा शास्त्री ब्रिज की खराब लाइटों को ठीक कराने की मांग रखी। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि लाइटें पहले ठीक कराई गई थीं और अब दोबारा मरम्मत के लिए प्राधिकरण की ओर से निविदा कराई गई है। उन्होंने नवरात्रि से पहले लाइटें ठीक कराने की बात कही।
मीरजापुर और सोनभद्र में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की मांग पर बताया गया कि संयुक्त आयुक्त उद्योग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। बैठक में सीएम डैशबोर्ड, ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण और टटहाई रोड स्थित यूको बैंक समेत अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार के अलावा नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह तथा मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के उद्यमी व संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
