Umang Ek Pehchan Competition: वजीरगंज में उमंग-एक पहचान प्रतियोगिता आयोजित, परिषदीय छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
Umang Ek Pehchan Competition: मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘उमंग-एक पहचान’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र वजीरगंज में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताएं निष्पक्ष निगरानी और वीडियोग्राफी के बीच कराई गईं। बीएसए ने आयोजन की व्यवस्था की सराहना करते हुए विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए और उन्हें जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों के लिए हिंदी एवं अंग्रेजी बाल कविता, कक्षा 4 और 5 के लिए कहानी सुनाओ, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी और अंग्रेजी डिक्टेशन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, अंग्रेजी डिक्टेशन और हिंदी-अंग्रेजी डिबेट प्रतियोगिता कराई गई।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी ज्ञान, भाषा कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेता छात्रों के साथ अभिभावकों को भी किया गया सम्मानित
बीएसए नवीन कुमार ने कहा कि ‘उमंग-एक पहचान’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता, सामान्य ज्ञान, भाषा कौशल और रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना है। बीईओ दिलीप कुमार ने कहा कि इस पहल के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने, उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने तथा शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में भावना, कृतिका, मानव, निकहत, अमिता, प्रगति, गोपी, सौम्या, देवेश, रूबी, चमन और नैना सहित कई विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन में एआरपी, नोडल शिक्षक, निर्णायक मंडल और कार्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन शायर एवं शिक्षक डॉ. हिलाल बदायूंनी ने किया। उन्होंने अपने अंदाज में कहा—
“यही जुनून, यही एक ख्वाब मेरा है,
वहीं चराग जला दूं जहां अंधेरा है।”
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष विनेश मिश्रा, आरएसएम के ब्लॉक अध्यक्ष धीरज कुमार, इंद्रेश कुमार, एआरपी डॉ. हिलाल अहमद, राजेंद्र कुमार शर्मा, अनुप कुमार शर्मा सहित शिक्षक, नोडल शिक्षक, निर्णायक मंडल और कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
