11th Ayurveda Day: 11वें आयुर्वेद दिवस पर संगोष्ठी, आयुर्वेद-योग और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय से समग्र स्वास्थ्य पर जोर

11th Ayurveda Day: रामपुर मे 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मिलक, आयुष विभाग रामपुर एवं आयुष एसोसिएशन मिलक के संयुक्त तत्वावधान में नगर पालिका क्षेत्र मिलक में “एकीकृत चिकित्सा : समग्र स्वास्थ्य की ओर एक सशक्त कदम” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. विकास शुक्ला, सहसंयोजक प्रबुद्ध प्रकोष्ठ भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, डॉ. मनोज कुमार आर्य, प्रभारी चिकित्साधिकारी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मिलक तथा अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों ने दीप प्रज्ज्वलित एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ किया।

संगोष्ठी में चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि उचित परिस्थितियों में आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुर्वेद, योग और अन्य भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का समन्वय कर रोगी केंद्रित एवं समग्र स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा दिया जा सकता है।

इस दौरान दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग-प्राणायाम, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम तथा औषधियों के चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपयोग पर जानकारी दी गई। विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बीच सहयोग और जरूरत के अनुसार उचित रेफरल व्यवस्था के महत्व पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली, आहार-विहार, योग और आयुर्वेद से जुड़ी उपयोगी जानकारी साझा की गई। संगोष्ठी में कुल 62 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. पूनम, फार्मासिस्ट वेद प्रकाश, योग प्रशिक्षक प्रतीक्षा सक्सेना, गिरीश कुमार एवं शिव ओम पांडे सहित संबंधित चिकित्सकों, कर्मचारियों और योग प्रशिक्षकों का सहयोग रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.