मीरजापुर में ₹25 हजार के इनामी समेत दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 4 बाइक और तमंचा बरामद
Mirzapur: अपराध और वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमालपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी आरोपी समेत दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने एक आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को जमालपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डबक गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेश चौहान पुत्र स्वर्गीय रामअवध चौहान, निवासी ईसरगोड़वा, थाना इलिया, चंदौली और आजाद चौहान पुत्र बाबूलाल चौहान, निवासी अइलार, थाना चांद, कैमूर भभुआ, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बृजेश चौहान पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम मैनुद्दीनपुर में छिपाकर रखी गई दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इस तरह कुल चार चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगीं।
शादी समारोह और सड़क किनारे खड़ी बाइक बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शादी समारोह और बारातों में मौका देखकर बाइक चोरी करते थे। इसके अलावा सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को भी निशाना बनाया जाता था। चोरी की बाइक को बिहार ले जाकर बेचने और रकम को आपस में बांटने की बात भी आरोपियों ने बताई।
बरामद वाहनों की जांच में तीन मोटरसाइकिलों के संबंध में चंदौली और बिहार के कैमूर जिले के अलग-अलग थानों में पहले से मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जमालपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
