दिल्ली में बीईओ व लखनऊ में सम्मानित हुई शिक्षिका का डीएम ने बढ़ाया मान

राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर चमका रामपुर, निपुण भारत मिशन के तहत नवाचारों के लिए कलेक्ट्रेट में मिला सम्मान

-शाहबाद की खंड शिक्षा अधिकारी व अहमदनगर जागीर की प्रधानाध्यापिका को डीएम ने स्मृति चिह्न देकर सराहा

  • रिपोर्ट शाहबाज़ खां 

खबर रामपुर से है बेसिक शिक्षा में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों से जिले का मान बढ़ाने वाली दो शख्सियतों को बुधवार को कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने शाॅल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। नई दिल्ली स्थित नीपा में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में पुरस्कृत हुईं शाहबाद की खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बबिता सिंह और 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित हुईं प्राथमिक विद्यालय अहमदनगर जागीर की प्रधानाध्यापिका वैलेटिना विक्टर के अभिनव प्रयासों की डीएम ने सराहना की। योगी सरकार की मंशा के अनुरूप ‘निपुण भारत मिशन’ के तहत बेसिक शिक्षा में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को लागू करने में दोनों के योगदान को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

किताबी ज्ञान से परे बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करें : डीएम
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के निर्माण की असली नींव है। शिक्षकों का काम सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि बच्चों में तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास जगाना है। उन्होंने कहा कि नवाचार और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से बच्चों के सीखने की क्षमता तेजी से बढ़ती है।

जिलेभर के स्कूलों में साझा किए जाएंगे नवाचार मॉडल
डीएम ने सम्मानित बीईओ और प्रधानाध्यापिका से आह्वान किया कि वे अपने सफल शिक्षण प्रयोगों और तौर-तरीकों को जिले के अन्य विद्यालयों के शिक्षकों के साथ भी साझा करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों तक भी इस गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का लाभ पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.