मुख्यमंत्री के आने पर ही सिरसा को साफ करने की याद क्यों आई? बाकी दिनों में जनता कूड़े के ढेर पर जीने को मजबूर क्यों? — आनंद बियानी
मुख्यमंत्री के आने से पहले सिरसा में सफाई तेज, आनंद बियानी ने सरकार पर साधा निशाना
- ‘वीआईपी सफाई व्यवस्था’ पर कांग्रेस का तंज, कूड़े के ढेर और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर उठाए सवाल
Ellenabad, Sirsa, September 11( एम पी भार्गव ): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आनंद बियानी ने सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से जारी हड़ताल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिरसा आगमन से पहले अचानक तेज किए गए सफाई अभियान को लेकर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा कटाक्ष किया है।
आनंद बियानी ने कहा कि जिस सिरसा में पिछले कई सप्ताह से गलियों, बाजारों और कॉलोनियों में कूड़े के ढेर लगे हैं, वहां मुख्यमंत्री के आने की खबर मिलते ही सफाई अभियान अचानक युद्ध स्तर पर शुरू हो गया।
उन्होंने सवाल किया—
“क्या मुख्यमंत्री के आने पर ही सिरसा की जनता दिखाई देती है?
क्या मुख्यमंत्री के जाने के बाद फिर वही कूड़े के ढेर, वही बदबू और वही गंदगी जनता के हिस्से में आएगी?”
उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की ‘वीआईपी सफाई व्यवस्था’ की पोल खोलती है। मुख्यमंत्री के स्वागत के रास्ते साफ किए जा रहे हैं, लेकिन जिन मोहल्लों में आम जनता रहती है वहां कूड़े के ढेर और गंदगी की समस्या लगातार बनी हुई है।
बियानी ने व्यंग्य करते हुए कहा—
**“मुख्यमंत्री आएंगे तो सड़कें चमकेंगी,
मुख्यमंत्री जाएंगे तो फिर कूड़े के ढेर दिखेंगे—
क्या यही है भाजपा सरकार का स्वच्छ हरियाणा?”**
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार सफाई कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने के बजाय हड़ताल को खत्म करने के लिए दबाव बना रही है और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के दौरे से पहले आनन-फानन में वैकल्पिक व्यवस्था करके शहर को चमकाने की कोशिश की जा रही है।
हालिया रिपोर्टों में भी सिरसा की कॉलोनियों में कूड़े के ढेर और घर-घर कचरा उठान प्रभावित होने की स्थिति सामने आई है।
आनंद बियानी ने कहा कि कांग्रेस सफाई कर्मचारियों की की जायज मांगों का समर्थन करती है। और उसी के साथ-साथ गंदगी की वजह से आम जनता की परेशानी को समझते हुए उससे निजात दिलाने की मुख्यमंत्री से अपील करती है।
