सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में रामपुर का फिर शानदार प्रदर्शन
10 में से 9.48 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान, 68 योजनाओं में 65 को मिला ए ग्रेड
रामपुर, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग में रामपुर ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 में से 9.48 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं 9.43 अंक के साथ बरेली तीसरे स्थान पर रहा। रामपुर पिछले कई माह से सीएम डैशबोर्ड की टॉप-10 रैंकिंग में लगातार बना हुआ है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों के कामकाज का आकलन कई मानकों के आधार पर किया जाता है। इसमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर की गई कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित कई मानक शामिल हैं।
अगस्त माह में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद की 68 विकासपरक योजनाओं की मॉनीटरिंग की गई, जिनमें 65 कार्यक्रमों में ए ग्रेड प्राप्त हुआ। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, लोक निर्माण, नियोजन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता एवं सिंचाई विभागों ने निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करते हुए ए श्रेणी हासिल की।
जनपद की पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट बीकेएस ग्राम उन्नति योजना, एकीकृत बागवानी मिशन और फैमिली आईडी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहीं।
एनईडीए, स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, पशु चिकित्सा, समाज कल्याण एवं लोक निर्माण विभाग ने अपनी सभी योजनाओं में ए ग्रेड प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जिलाधिकारी का वर्जन
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में रामपुर का लगातार बेहतर प्रदर्शन अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास का परिणाम है। सभी विभागों द्वारा योजनाओं को समय से पूरा करने और जनहित से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए जाते हैं।
जिला प्रशासन प्रयासरत है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे और जनपद विकास के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करे। सीएम डैशबोर्ड में प्रदेश में दूसरा स्थान मिलना उत्साहवर्धक है। भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य करते हुए जनपद को प्रदेश में अग्रणी बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।
