Ellenabad, September 7 ( एम पी भार्गव ): नशे की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने भुना में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 101 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनदीप उर्फ होक्का पुत्र रामपाल, निवासी थेहड़ मोहल्ला, भुना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। उसके पास से नशीले पदार्थ के अलावा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
यह कार्रवाई ब्यूरो प्रमुख एवं एडीजीपी श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
यूनिट प्रभारी उप निरिक्षक तरसेम सिंह ने बताया की यूनिट की एक टीम पी/एसआई बबीता के नेतृत्व में थाना भुना के एरिया मे गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि मनदीप उर्फ होक्का हेरोइन बेचने का काम करता है और मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर उकलाना रोड की तरफ आने वाला है।
सूचना के आधार पर टीम ने उकलाना रोड पर चौधरी ईंट भट्ठे के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद भुना शहर की तरफ से मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल बंद हो गई और टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाशी राजपत्रित अधिकारी श्री प्रिंस गर्ग, नायब तहसीलदार (LM), फतेहाबाद की मौजूदगी में कराई गई। तलाशी के दौरान आरोपी की जींस की दाहिनी जेब से नशीला पदार्थ हेरोइन मिला। वजन करने पर बरामद हेरोइन का कुल वजन 101 ग्राम पाया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और तस्करी मे इस्तेमाल किया जा रहा मोटरसाइकिल भी मिला। बरामद हेरोइन, मोबाईल फोन और मोटरसाइकिल को नियमानुसार पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना भुना, जिला फतेहाबाद में मुकदमा नंबर 208 दिनांक 06.09.2026 के तहत धारा 21(B)/61/85 एनडीपीस ऐक्ट में मामला दर्ज किया गया है। मामले को आगामी कार्यवाही के लिया थाना भुना के हवाले कर दिया गया है। जहा पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन उसे कहां से मिली थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
